Udayprabhat
uttrakhand

पुलिस ने बैरियर पर स्मैक के साथ दो युवकों को किया गिरफ्तार

चारधाम यात्रा के दौरान नशे व अवैध गतिविधियों पर उत्तरकाशी पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा के सुरक्षित व सुचारु संचालन को लेकर उत्तरकाशी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। नौगांव पुलिस बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी से अवैध रूप से स्मैक की तस्करी करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जिलेभर में नशा व अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विगत रात्रि चौकी नौगांव पुलिस द्वारा बैरियर पर चेकिंग के दौरान वाहन (स्कूटी) को रोका गया। तलाशी के दौरान सिकेंदर उर्फ सिकू और अक्षय नामक दो युवकों के पास से कुल 4.09 ग्राम स्मैक बरामद की गई। गिरफ्तारी के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सिकेंदर उर्फ सिकू पुत्र राजूलाल, निवासी ग्राम कंसोला, थाना पुरोला (उम्र 31 वर्ष) पूर्व में भी स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर था, जिसकी पुलिस द्वारा निगरानी की जा रही थी। दूसरा आरोपी अक्षय पुत्र हुकुम दास, निवासी मुंगरा गांव, थाना पुरोला (उम्र 22 वर्ष) है।

पुलिस अब इनके नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है, ताकि अवैध नशे के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र रावत (प्रभारी चौकी नौगांव), कॉन्स्टेबल जितेन्द्र राय और देवेन्द्र कुमार शामिल रहे।

Leave a Comment