Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून: कर्मचारियों का वेलफेयर प्राथमिकता, अनुशासन से नहीं होगा समझौता: SSP प्रमेन्द्र डोबाल

पहली परेड में कडे तेवरों में दिखे एसएसपी देहरादून
परेड का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों को कर्मचारियों के हितार्थ दिये दिशा-निर्देश
बीडीएस की तैयारियों की समीक्षा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर

देहरादून: 20 फरवरी को उत्तराखंड पुलिस की पुलिस लाइन में आयोजित शुक्रवार परेड का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून द्वारा निरीक्षण किया गया। जनपद में कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी पहली औपचारिक परेड थी, जिसमें उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि पुलिस बल में अनुशासन, पारदर्शिता और कार्यकुशलता सर्वोपरि रहेंगे।

परेड के दौरान एसएसपी ने स्वयं अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दौड़ लगाई तथा उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और अनुशासित पुलिस बल ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकता है। साथ ही यह भी दोहराया कि कर्मचारियों का कल्याण विभाग की प्राथमिकता है, लेकिन कर्तव्यों के निर्वहन में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सफाई व्यवस्था और अभिलेखों में लापरवाही पर जताई नाराजगी

परेड समाप्ति के उपरांत एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। क्वार्टर गार्द की बैरकों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए गार्द कमांडर और संबंधित कर्मियों को सख्त हिदायत दी कि स्वच्छता व्यवस्था तत्काल प्रभाव से सुधारी जाए।

परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान वाहनों की लॉग बुक और रनिंग रजिस्टरों की जांच की गई। अभिलेख अद्यतन न पाए जाने पर संबंधित उपनिरीक्षक को कड़ी फटकार लगाई गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख नियमित रूप से अपडेट किए जाएं और भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर और मैस के निरीक्षण में भी सफाई और भोजन की गुणवत्ता को लेकर असंतोष जताया गया। मैस में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने और राशन के सुव्यवस्थित भंडारण के निर्देश दिए गए।

बीडीएस की तैयारियों की समीक्षा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर

बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) शाखा के निरीक्षण के दौरान उपलब्ध उपकरणों और आकस्मिक स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी ली गई। एसएसपी ने निर्देशित किया कि संदिग्ध वस्तु की सूचना मिलने पर थाना पुलिस और बीडीएस टीम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए तथा फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में कार्य करने वाली टीमों का नियमित प्रशिक्षण कराया जाए।

इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन में चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया गया। संबंधित कार्यदायी संस्था के पदाधिकारियों से वार्ता कर निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि कर्मचारियों का वेलफेयर सुनिश्चित किया जाएगा, लेकिन अनुशासन, स्वच्छता और जवाबदेही से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा।

Leave a Comment