उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, जार्ज एवरेस्ट और वैरागी कैम्प भूमि में अनियमितताओं का विरोध.
देहरादून: उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से मुलाकात कर जार्ज एवरेस्ट और हरिद्वार के वैरागी कैम्प की भूमि से जुड़े गंभीर अनियमितताओं पर संज्ञान लेने की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि 172 एकड़ भूमि मात्र 1 करोड़ रुपए वार्षिक किराए पर आचार्य बालकृष्ण की कम्पनी को दी गई और टेंडर प्रक्रिया में नियम बदलकर कम्पनी को लाभ पहुँचाया गया। स्थानीय रास्ते बंद कर पर्यटकों से मनमानी वसूली जारी है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जार्ज एवरेस्ट भूमि देने का आदेश निरस्त हो, मामले की सीबीआई जांच उच्च न्यायालय के निगरानी में कराई जाए और वैरागी कैम्प की टेंडर प्रक्रिया रोकी जाए। कांग्रेस ने सरकार पर आपदा प्रबंधन में विफल रहने का भी आरोप लगाया। तीन दिन से प्रभावित क्षेत्रों में न बिजली, न पानी, राहत कार्य ठप और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने किया।
