काशीपुर पुलिस, एसओजी और फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन टीम ने मुखबिर की सूचना पर संयुक्त रूप से छापा मारा
उधम सिंह नगर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काशीपुर पुलिस, एसओजी और फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने ट्रांसपोर्ट के माध्यम से लाई जा रही नशीले इंजेक्शनों की भारी खेप बरामद की है, जिसकी अनुमानित खुदरा कीमत करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 15 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काशीपुर क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट के जरिए नशीले इंजेक्शनों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने SAFEXPRESS ट्रांसपोर्ट, दड़ियाल रोड, टांडा उज्जैन, काशीपुर में चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान ट्रांसपोर्ट में रखी संदिग्ध पेटियों की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 16 पेटियों से 43,950 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। इनमें BINORPHINE (Buprenorphine Injection IP) के 1,598 डिब्बों में 39,950 इंजेक्शन और REXOGESIC (Buprenorphine Injection) के 160 डिब्बों में 4,000 इंजेक्शन शामिल हैं।
पुलिस ने सभी इंजेक्शनों को कब्जे में लेकर मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आए आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
