दिल्ली। राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा सेना महिला मोर्चा का दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में संगठनात्मक विस्तार करते हुए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नई पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा सेना एवं महिला मोर्चा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा सेना सनातन धर्म और संस्कृति की रक्षा व संरक्षण के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। संगठन मठ-मंदिरों की सुरक्षा, गंगा संरक्षण, गौ रक्षा तथा सनातन परंपराओं के संवर्धन जैसे मूल विषयों पर लगातार कार्य कर रहा है। महिला मोर्चा की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा गया कि समाज में जागरूकता फैलाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

नवनियुक्त पदाधिकारियों से आह्वान किया गया कि वे हिंदू समाज को एकजुट करने, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने और सनातन धर्म को सशक्त बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करें। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में संगठित प्रयासों की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ा जा सके। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री सुनील दत्त कौशिक, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रीता राजपूत, राष्ट्रीय सलाहकार गरिमा सोनी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
