रुद्रपुर: नववर्ष से पहले उधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये मूल्य की नशीली दवाइयों की खेप बरामद की है। कोतवाली आईटीआई थाना पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर यह सफलता हासिल की। पुलिस ने बरामद दवाइयों को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना आईटीआई क्षेत्र में नशीली दवाइयों की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस और औषधि विभाग की टीम ने दड़ियाल फ्लाईओवर के पास, बाजपुर रोड राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पराली के नीचे प्लास्टिक की काली पन्नी में छिपाकर रखी गई 17 गत्ते की पेटियों से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की गईं। बरामद दवाइयों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
बरामद की गई नशीली दवाइयां
एसएसपी के अनुसार तलाशी में—
12,250 NRx Buprenorphine Injection (B.I. Norphine)
49,920 Spasmo Capsules
64,560 Spasmore Capsules
51,360 Proxiohm-Spas Capsules
1,74,000 OHMS Alpha 0.5 Tablets
बरामद किए गए।
तस्करों के नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में नियंत्रित और प्रतिबंधित दवाइयों की बरामदगी से स्पष्ट है कि इन्हें अवैध नशे के कारोबार में खपाने की तैयारी की जा रही थी। मामले में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद सामग्री को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। साथ ही तस्करों के नेटवर्क, सप्लाई चेन और मुख्य सरगनाओं की पहचान के लिए गहन जांच की जा रही है।
एसएसपी बोले— नशे के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि नववर्ष के दौरान युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रही है। नशा तस्करों के खिलाफ किसी भी स्तर पर कोई ढील नहीं दी जाएगी।
पहले भी हो चुकी है बड़ी बरामदगी
गौरतलब है कि इससे पहले 16 दिसंबर को कोतवाली काशीपुर पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के 43,950 नशीले इंजेक्शन और दवाइयां बरामद की थीं।
