Udayprabhat
uttrakhand

देहरादून में शराब दुकानों पर देर रात प्रशासन की छापेमारी, ओवररेटिंग समेत कई खामियां उजागर

देहरादून: शराब की दुकानों पर निर्धारित कीमत से अधिक वसूली और नियमों के उल्लंघन की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने देर रात व्यापक जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर अलग-अलग प्रशासनिक टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान ओवररेटिंग, स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी, अनाधिकृत सेल्समैन और रेट लिस्ट नहीं लगाए जाने जैसी कई अनियमितताएं सामने आईं।

जांच अभियान के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद और हर्षिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह तथा एसडीएम मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों की जांच की। इस दौरान संबंधित क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक भी टीमों के साथ मौजूद रहे।

आईएसबीटी की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत सही मिली

सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर की टीम ने माजरा, पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में निरीक्षण किया। आईएसबीटी स्थित शराब की दुकान की जांच के दौरान ओवररेटिंग की शिकायत सही पाई गई। अधिकारियों के मुताबिक दुकान में मौजूद 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध रिकॉर्ड से मेल नहीं खाए। जांच के दौरान अनाधिकृत सेल्समैन भी मिले और निर्धारित मूल्य सूची दुकान पर प्रदर्शित नहीं की गई थी।

प्रेमनगर में स्टॉक रजिस्टर की जांच में सामने आई कमी

एसडीएम मुख्यालय के नेतृत्व में टीम ने प्रेमनगर क्षेत्र की शराब दुकानों का निरीक्षण किया। एक दुकान में स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। इसके अलावा वहां भी अनाधिकृत सेल्समैन पाए गए, जिसके बाद टीम ने संबंधित अभिलेखों की जांच की।

जाखन और राजपुर रोड में भी कई नियमों का उल्लंघन

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की टीम ने जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र की दुकानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं होने, निर्धारित रेट लिस्ट और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर प्रदर्शित नहीं किए जाने जैसी कमियां मिलीं। कुछ दुकानों पर अनाधिकृत सेल्समैन भी पाए गए।

बिक्री रिकॉर्ड और बैच नंबर की भी हुई जांच

प्रशासनिक टीमों ने दुकानों पर स्टॉक और बिक्री से जुड़े अभिलेखों की जांच की। इसके साथ ही शराब की बोतलों के बैच नंबर, निर्धारित बिक्री मूल्य, रेट लिस्ट, सेल्समैन की वैधता और शिकायत नंबर समेत कई बिंदुओं को जांच के दायरे में रखा गया।

डीएम ने कहा कार्रवाई होगी: जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया है कि-

शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, अनाधिकृत व्यक्तियों से बिक्री और अभिलेखों में अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी. साथ ही अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण करने और अनियमितता मिलने पर नियम अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
-आशीष चौहान, जिलाधिकारी, देहरादून-

Leave a Comment