मुनस्यारी–चौकोड़ी से लेकर अल्मोड़ा तक सीजन की पहली बर्फबारी, सैलानियों में खुशी, प्रशासन अलर्ट
पिथौरागढ़/अल्मोड़ा: उत्तराखंड के पहाड़ इन दिनों बर्फ की सफेद चादर ओढ़कर और भी खूबसूरत हो गए हैं। सीमांत जिला पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई सीजन की पहली बर्फबारी से जहां मौसम ने करवट ली है, वहीं सैलानियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। मुनस्यारी, चौकोड़ी, धारचूला के दारमा और व्यास घाटी सहित कई क्षेत्रों में जमकर हिमपात हुआ, जिससे ठंड में जबरदस्त इजाफा दर्ज किया गया है।

मुनस्यारी और चौकोड़ी में इस सीजन का पहला हिमपात देखने को मिला। खलियाटॉप, आदि कैलाश, ओम पर्वत, गुंजी और कालापानी जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। बर्फ से ढकी चोटियों और घाटियों का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी इन क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं और हिमपात का जमकर आनंद उठा रहे हैं।
खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। डीएम आशीष भटगांई ने स्वास्थ्य विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ को दवाइयों, एंबुलेंस और जरूरी चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही बिजली और संचार विभाग को भी सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं ताकि किसी भी तरह की बाधा से तुरंत निपटा जा सके।

अल्मोड़ा जिले में भी शुक्रवार को पहली बर्फबारी हुई। नगर क्षेत्र समेत जागेश्वर, बिनसर, कसार देवी, मोरनौला और स्याही देवी में बर्फ गिरने से ठंड काफी बढ़ गई है। तापमान में गिरावट के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए 24 जनवरी को जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करें। बर्फबारी के बीच उत्तराखंड की पहाड़ियां एक बार फिर अपनी प्राकृतिक खूबसूरती से लोगों का दिल जीत रही

