सीएम धामी का सख्त रुख, टेंडर में अनियमितता पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई
देहरादून: उत्तराखंड में होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग से जुड़े वर्दी सामग्री खरीद घोटाले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री ने घोटाले में संलिप्त पाए जाने पर निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए की गई वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़ा है। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं, नियमों का उल्लंघन और पारदर्शिता की भारी कमी बरती गई। महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून की ओर से शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए गए थे। इसी रिपोर्ट के आधार पर महानिदेशक की संस्तुति पर मुख्यमंत्री ने निलंबन और जांच समिति गठित करने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घोटाले को लेकर सामने आए आरोपों के अनुसार, विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की कथित मिलीभगत से एक करोड़ रुपये के सामान का भुगतान तीन करोड़ रुपये तक दिखाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक कई वस्तुएं बाजार भाव से लगभग तीन गुना महंगी दर्शाई गईं। आरोप है कि ₹130 का डंडा ₹375 में, ₹500 का जूता ₹1500 में, ₹1200 की पेंट-शर्ट ₹3000 में और ₹500 की जैकेट ₹1580 में खरीदी गई दिखाकर भुगतान किया गया। जब जांच टीम ने बाजार से कोटेशन लिए तो दामों में भारी अंतर सामने आया।
बताया गया है कि यह अनियमितता वित्तीय वर्ष 2024-25 में हुई थी। इसके बाद 2025-26 में फिर से इसी दर पर टेंडर निकाला गया, तब विभाग में तैनात नए महानिदेशक पीवीके प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लिया और घोटाले का खुलासा हुआ। इसके बाद टेंडर को निरस्त कर वर्दी खरीद पर रोक लगा दी गई।
रिपोर्ट में आरोपी अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कराने, लगभग दो करोड़ रुपये की रिकवरी करने और कठोर विभागीय कार्रवाई की सिफारिश भी की गई थी। इसी क्रम में अब मुख्यमंत्री ने डिप्टी कमांडेंट अमिताभ श्रीवास्तव को निलंबित कर संयुक्त जांच समिति गठित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
