Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

Uttarakhand: 16 फरवरी को लोकभवन घेराव, कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन का किया ऐलान

धामी सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, लोकभवन घेराव 16 को

देहरादून: उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने का एलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्देश पर जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और कथित जनविरोधी फैसलों को उजागर करेगी। इसी कड़ी में 16 फरवरी को लोकभवन (राज्यपाल आवास) का घेराव किया जाएगा।

अंकिता भंडारी मामले में सरकार पर गंभीर आरोप

कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में धामी सरकार वीवीआइपी को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता के माता-पिता की शिकायत के बजाय तीसरे पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर सच्चाई छिपाने का प्रयास किया गया।

प्रदेश में ‘जंगलराज’ का माहौल: यशपाल आर्य

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने उधम सिंह नगर में एक किसान को कथित पुलिस प्रताड़ना के बाद आत्महत्या के लिए मजबूर होने का मामला उठाया। आर्य ने यह भी कहा कि धराली आपदा के बाद कई शव आज भी मलबे में दबे हैं, जबकि सरकार अपनी उपलब्धियों के जश्न में लगी है।

वादाखिलाफी और नैतिकता का संकट: प्रीतम सिंह

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर नैतिकता खोने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने अवैध खनन, आबकारी नीति और भू-कानून को लेकर सरकार को घेरा और कहा कि शराब की दुकानें गली-चौराहों तक खोली जा रही हैं।

वरिष्ठ नेताओं ने साधा सरकार पर निशाना

पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने भी धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Leave a Comment