Udayprabhat
uttrakhand

बर्फबारी के बाद बर्फ की सफेद चादर में लिपटा औली, सर्दियों की खूबसूरती देखने उमड़े सैलानी

चमोली: शीतकालीन मौसम में हुई ताजा बर्फबारी के बाद विश्व प्रसिद्ध हिम क्रीड़ा स्थल औली पर्यटकों से गुलजार नजर आ रहा है। चारों ओर बिछी बर्फ की सफेद चादर ने औली की वादियों को किसी जन्नत सा रूप दे दिया है। इस मनमोहक नजारे को देखने और बर्फ का आनंद लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक औली पहुंच रहे हैं।

बर्फबारी के बाद औली के स्कीइंग स्लोप पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। यहां पर्यटक स्कीइंग सीखने के साथ-साथ बर्फ में खेलने और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे हैं। चटक धूप खिलने से औली की खूबसूरती और भी निखर गई है, जिससे सैलानी बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। पर्यटकों का कहना है कि औली की वादियां सर्दियों में बेहद आकर्षक लगती हैं और यहां आकर उन्हें एक अलग ही सुकून का एहसास हो रहा है।

मौसम विभाग ने आगामी 31 जनवरी और 1 फरवरी को एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है और सड़क मार्गों को सुचारु रखने के लिए मशीनरी तैनात की गई है। हालांकि, जोशीमठ से औली जाने वाले मार्ग पर सुनील क्षेत्र से आगे सड़क पर जमी बर्फ और पाले के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।

पर्यटकों की बढ़ती आमद से होटल व्यवसायियों और पर्यटन से जुड़े लोगों के चेहरे खिले हुए हैं। यदि आगामी दिनों में फिर बर्फबारी होती है, तो औली में सैलानियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है, जिससे शीतकालीन पर्यटन को नया संबल मिलेगा।

Leave a Comment