Udayprabhat
uttrakhand

व्यापारी के घर लूट मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, नकदी व तमंचा बरामद

रुद्रपुर। पुलभट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम बरा में मूंगफली के होलसेल व्यापारी के घर हथियार के बल पर की गई लूट की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूटकांड में शामिल एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से नकदी, लूटी गई ज्वैलरी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार बदमाश का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार 21–22 जनवरी की रात बरा चौकी क्षेत्र में स्थित मूंगफली व्यापारी के घर तीन बदमाशों ने धावा बोला था। आरोपियों ने तमंचे के बल पर व्यापारी और उसके परिवार को एक कमरे में बंधक बना लिया और घर में रखी नकदी, मोबाइल फोन व जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर पुलभट्टा थाने में मामला दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके बाद 29 जनवरी को पुलिस ने एक आरोपी इस्लाम को फतेहगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया था, जिसने अपने दो अन्य साथियों के नाम उजागर किए थे।

लगातार दबिश के बाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दूसरे आरोपी अबरार पुत्र अहमद हुसैन, निवासी लोहारनगर, थाना फतेहगंज पश्चिमी, जिला बरेली को बहेड़ी–किच्छा रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 20 हजार रुपये नकद, पीली धातु के कानों के कुंडल, ओम लिखे हुए गले का लॉकेट, एक 12 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बरेली और पीलीभीत जनपदों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

Leave a Comment