Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड में फर्जी सहकारी समिति का पर्दाफाश, 300 निवेशकों से 7 करोड़ की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी: अधिक ब्याज और सुरक्षित निवेश का झांसा देकर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये ठगने वाले एक गिरोह का नैनीताल पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने तीन वर्षों से फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने फर्जी सहकारी समिति बनाकर करीब 300 लोगों से लगभग 6 करोड़ 80 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ रामनगर कोतवाली और मुखानी थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी के दो मुकदमे दर्ज थे। कोतवाली रामनगर में मामला संख्या 246/23 धारा 409 आईपीसी के तहत पंजीकृत किया गया था।

जांच में सामने आया कि वर्ष 2017 में आरोपियों ने “देवभूमि बहुउद्देशीय स्वावलंबी सहकारी समिति” के नाम से एक फर्जी संस्था का गठन किया। इसके माध्यम से उन्होंने निवेशकों को अधिक ब्याज और धन की गारंटी का लालच देकर रामनगर, हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों से भारी रकम जमा कराई। बाद में आरोपी निवेशकों की रकम हड़प कर फरार हो गए।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमचंद पंत निवासी हरिपुर नायक, जनपद नैनीताल तथा विकास दुर्गापाल निवासी डहरिया, कोतवाली हल्द्वानी के रूप में हुई है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी पूरी जानकारी और वैधता की जांच अवश्य करें, ताकि ठगों के जाल में फंसने से बचा जा सके।

Leave a Comment