Udayprabhat
uttrakhandराजनीति

‘हाईकमान का नाम लेने से टिकट फाइनल नहीं होता’ टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं’, हरक सिंह का बयान वायरल

अक्सर चर्चाओं में रहने वाले हरक सिंह रावत एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार उन्होंने राहुल गांधी को लेकर बड़ी बात कही.

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस में चुनावी तैयारियों के बीच पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत का बयान एक बार फिर सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में हरक सिंह रावत कहते नजर आ रहे हैं कि टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं है।

दरअसल, हरक सिंह रावत पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष होने के नाते कई नेता उनके पास टिकट की उम्मीद लेकर आ रहे हैं और हाईकमान का नाम लेकर यह दावा कर रहे हैं कि उनका टिकट तय है। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस में टिकट उसी को मिलेगा, जो जीतने की स्थिति में होगा, न कि किसी का करीबी होने के आधार पर।

हरक सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि चाहे कोई नेता उनका करीबी हो, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का हो या पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का, यदि वह सीट निकालने की स्थिति में नहीं है, तो उसे टिकट नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह बात वह पूरी ईमानदारी से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक रख चुके हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में उन्होंने राहुल गांधी से भी यह बात कही थी कि कुछ नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और आपका नाम लेकर कह रहे हैं कि उनका टिकट फाइनल हो गया है। इसी संदर्भ में उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि टिकट तो आपका भी फाइनल नहीं है।

हरक सिंह रावत के अनुसार, जब उन्होंने इसका आशय समझाया तो राहुल गांधी ने भी सहमति जताई। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी का नेतृत्व यह तय कर दे कि किसी नेता को किसी सीट से चुनाव नहीं लड़ना चाहिए, तो उसे वह फैसला स्वीकार करना होगा।
अपने बयान में हरक सिंह रावत ने खुद को पार्टी का सिपाही बताते हुए कहा कि पार्टी उन्हें जिस सीट से चाहे, चुनाव लड़ने को कहे, वह तैयार हैं। यहां तक कि अगर पार्टी दरी बिछाने या नारे लगाने को कहे, तो वह भी करेंगे। उनका कहना था कि इन बातों का मकसद कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरना और आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए एकजुट होकर मजबूती से मैदान में उतरना है।

इस मुद्दे पर फोन पर बातचीत में हरक सिंह रावत ने अपने बयान की पुष्टि करते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता पर पार्टी की नजर है। टिकट का फैसला परिस्थितियों, माहौल और जनता के रुझान के आधार पर होगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें खुद नहीं पता कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे या टिकट मिलेगा भी या नहीं।

Leave a Comment