Udayprabhat
uttrakhand

रुड़की में IIT छात्र की गंगनहर में डूबने से मौत, सर्च के लिए NDRF के साथ सेना भी तलाश में जुटी

रुड़की: हरिद्वार जिले में रुड़की की  गंगनहर में आईआईटी रुड़की के एक छात्र के डूबने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लापता छात्र की तलाश के लिए दूसरे दिन भी एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी।

जानकारी के अनुसार, लापता छात्र की पहचान आशीष शुक्ला (एमबीए द्वितीय वर्ष), निवासी बनारस (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह 11 फरवरी की शाम अपने कुछ साथियों के साथ वाल्मीकि घाट पर घूमने आया था। इसी दौरान घाट किनारे बैठे समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर गंगनहर में जा गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गंगनहर में पानी का बहाव काफी तेज था। गिरते ही आशीष बहाव में बहने लगा। दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तेज धारा के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आईआईटी प्रशासन, सुरक्षा विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। देर शाम अंधेरा होने के कारण पहले दिन का रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। बुधवार सुबह से महर्षि वाल्मीकि घाट से लेकर आसफनगर झाल तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। गोताखोरों की मदद से गहराई में भी खोजबीन की जा रही है।

रुड़की तहसीलदार विकास अवस्थी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से गंगनहर के जलस्तर को कम करने पर चर्चा की, ताकि सर्च अभियान में सहूलियत मिल सके।

उधर, छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिवार के सदस्य रुड़की पहुंच रहे हैं। घटना के बाद आईआईटी परिसर और छात्र समुदाय में गहरी चिंता और शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गंगनहर के किनारे सावधानी बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

 

बुधवार की शाम गंगनहर में डूबकर लापता हुए आईआईटी के छात्र की तलाश के लिए टीमें लगाई गई है. सर्च ऑपरेशन के लिए लगाई गई टीमें छात्र की तलाश के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं. उम्मीद है कि जल्द ही छात्र की बॉडी को तलाश कर लिया जाएगा.“- प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी हरिद्वार

Leave a Comment