रुद्रपुर: रुद्रपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात सनसनीखेज घटना सामने आई। 25 वर्षीय कारोबारी ध्रुव चावला को उनकी जूते की दुकान के भीतर कनपटी पर गोली लगी हालत में पाया गया। गंभीर रूप से घायल ध्रुव को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आदर्श कॉलोनी निवासी स्वर्गीय अनिल चावला के पुत्र ध्रुव सिविल लाइन में “शू विला” नाम से जूते की दुकान अपने साझेदार हरजिंदर के साथ संचालित करते थे। गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे उन्होंने अपनी मां से फोन पर बातचीत की थी और शीघ्र घर लौटने की बात कही थी। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई।

परिजनों के कहने पर साझेदार जब दुकान पहुंचे तो ध्रुव अंदर खून से लथपथ पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है, जिसे कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
मौके पर पहुंचे सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे घटना के समय बंद पाए गए, जिससे रहस्य और गहरा गया है।
पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और आपराधिक साजिश सहित सभी संभावनाओं पर जांच कर रही है। आसपास के व्यापारियों और परिजनों से पूछताछ जारी है। घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है और व्यापारी वर्ग ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
