Udayprabhat
uttrakhand

नैनीताल में 32 लाख की स्मैक संग तस्कर गिरफ्तार, अवैध संपत्ति पर भी चलेगी कुर्की की कार्रवाई

नैनीताल:  जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हल्द्वानी क्षेत्र से एक युवक को 121 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब आरोपी की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की भी जांच कर कुर्की की प्रक्रिया शुरू करेगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि बनभूलपुरा क्षेत्र में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान गौला बाईपास रोड के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 121 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बरेली से स्मैक लाकर हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था।

पुलिस ने आरोपी मोहम्मद उमेर (24 वर्ष), मूल निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) और वर्तमान में हल्द्वानी क्षेत्र में रह रहा था, के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

नवंबर से अब तक 55 तस्कर गिरफ्तार

एसएसपी ने बताया कि नवंबर माह से जिले में चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 55 तस्करों के खिलाफ 44 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इस दौरान 7.96 किलोग्राम चरस, 768.32 ग्राम स्मैक, 83 किलोग्राम गांजा, 180 नशीली गोलियां, 24 कैप्सूल और 993 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।

रामनगर व लालकुआं में भी कार्रवाई

रामनगर क्षेत्र में पुलिस ने एक अन्य आरोपी को करीब 9.84 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि लालकुआं में दो आरोपियों को 7.68 ग्राम स्मैक के साथ जेल भेजा जा चुका है।

उधम सिंह नगर में सत्यापन अभियान तेज

सीमावर्ती जिला उधम सिंह नगर में अपराध नियंत्रण के लिए व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, होटल व गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों तथा निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है।

अब तक 490 लोगों का सत्यापन किया गया है, जिनमें से 83 के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़े होने के कारण जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Comment