Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: बोर्ड परीक्षाओं में तेज साउंड बजाया तो होगी कार्रवाई, एसएसपी ने जारी किए कड़े निर्देश

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों को दिए स्पष्ट आदेश, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

देहरादून: बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि धार्मिक स्थलों, शादियों और अन्य आयोजनों में लाउडस्पीकर एवं डीजे का उपयोग निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही सुनिश्चित कराया जाए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार का तेज ध्वनि प्रदूषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से स्कूलों की टाइमिंग और पीक आवर्स में मुख्य मार्गों, चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

बैठक के दौरान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों तथा पर्यटक सीजन की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। वर्तमान में चल रहे रमजान और आगामी होली पर्व को देखते हुए थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने तथा संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा सभी अंतर्जनपदीय और अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने तथा रात-दिन नियमित गश्त बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आबादी क्षेत्रों में स्थित गोदामों और संस्थानों का फायर ऑडिट सुनिश्चित करने तथा नियमों का पालन न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी ने चेतावनी दी है कि कर्तव्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिस कर्मियों के साथ-साथ पर्यवेक्षण अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

Leave a Comment