खटीमा: पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार शाम अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे, जहां रामलीला मैदान में आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में उन्होंने शिरकत की। चंपावत जिले के दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरा मैदान रंगों, फूलों और उत्साह से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में पारंपरिक कुमाऊंनी होली, शास्त्रीय होली गायन और थारू जनजाति की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। मुख्यमंत्री ने मंच से उतरकर आम जनता के बीच पहुंचकर फूलों की होली खेली और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बच्चे इस आयोजन में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “खटीमा मेरा घर है और यहां के लोग मेरा परिवार हैं।” उन्होंने होली को सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे का पर्व बताते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी विरासत को संजोने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
सीएम ने खटीमा को सर्वधर्म समभाव की मिसाल बताते हुए कहा कि यहां सभी समुदाय आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ हर त्योहार को मिलजुलकर मनाते हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लागू किए गए यूसीसी (Uniform Civil Code) का भी उल्लेख किया।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री एक दिवसीय दौरे पर चंपावत के लोहाघाट में थे, जहां विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा के बाद वे खटीमा पहुंचे। होली मिलन समारोह में उमड़ी भीड़ और सांस्कृतिक रंगों ने पूरे शहर को उत्सव के माहौल में रंग दिया।
