Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

बढ़ती नशाखोरी और अवैध स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की मांग, जन अधिकार पार्टी-जनशक्ति ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

देहरादून: जन अधिकार पार्टी–जनशक्ति ने जिला देहरादून में बढ़ रही नशाखोरी एवं स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अवैध और अनैतिक गतिविधियों के विरोध में मंगलवार को जिलाधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोप लगाया कि शहर में स्पा सेंटरों की संख्या तेजी से बढ़ी है और कई केंद्र बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं। साथ ही, वेलनेस सेवाओं के नाम पर देह व्यापार, नशीले पदार्थों का सेवन और अन्य आपराधिक गतिविधियों के चलने की आशंकाएँ लगातार सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि अनेक स्पा सेंटरों में कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया है, जिससे आपराधिक प्रवृत्ति के लोग आसानी से इन केंद्रों में काम कर रहे हैं। इसके अलावा कई केंद्र देर रात तक संचालित रहते हैं, जो कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन गए हैं। संगठन ने मांग की है कि शहर के सभी स्पा सेंटरों का तत्काल औचक निरीक्षण कराया जाए और नियम-विरुद्ध या अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले केंद्रों पर सख्त कार्रवाई कर उन्हें सील किया जाए। साथ ही आवश्यकतानुसार गैंगस्टर एक्ट, NDPS एक्ट सहित कठोर धाराओं में मुकदमे दर्ज करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में बिंदाल पुल, सपेरा बस्ती, मेहवाला, चंद्रबनी आदि संवेदनशील इलाकों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाकर नशा तस्करों पर कठोर कार्रवाई करने की भी अपील की गई है। संगठन ने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि शहर की गरिमा व सामाजिक मर्यादा बचाने हेतु शीघ्र निर्णायक कदम उठाए जाएँगे।

Leave a Comment