देहरादून: टिहरी झील महोत्सव का चार दिवसीय आयोजन गुरुवार से शुरू हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी झील स्थित कोटी कॉलोनी में किया। 6 से 9 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। महोत्सव के दौरान पर्यटकों और प्रतिभागियों के लिए कई साहसिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
चार दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। इसके अलावा मास्टर शेफ प्रतियोगिता, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी और रैप सिंगिंग जैसी प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार मिलेगा, जबकि द्वितीय स्थान पर 50 हजार और तृतीय स्थान पर 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा 10 प्रतिभागियों को 5-5 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
