Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून: जंगल में बोरे में मिली युवती की लाश, जांच में जुटी पुलिस

देहरादून: राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित मांडूवाला इलाके में एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जंगल के पास सड़क किनारे एक बोरे से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खोलकर देखा तो उसमें एक युवती का शव मिला।

प्रारंभिक जांच में शव करीब छह से सात दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव को घुटनों से मोड़कर बोरे में भरकर जंगल में फेंका गया था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतका की पहचान के लिए जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े किसी संदिग्ध के बारे में जानकारी मिल सके।

घटना के बाद मांडूवाला और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment