गैरसैंण: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में चल रहे बजट सत्र 2026 के तीसरे दिन की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई। प्रश्नकाल के दौरान विधायकों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के विभागों से जुड़े कई अहम मुद्दे सदन में उठाए।
मंत्री रेखा आर्या के पास महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले तथा खेल एवं युवा कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभाग हैं। इसलिए प्रश्नकाल में इन विभागों से जुड़े कई विषयों पर चर्चा हुई।
प्रश्नकाल का पहला सवाल कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने उठाया। उन्होंने चमोली जिले के दशोली क्षेत्र में सेमलडाला मैदान, पीपलकोटी के विस्तार का मुद्दा सदन में रखा। इस पर जवाब देते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि फिलहाल मैदान के विस्तार से संबंधित कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है।
भाजपा विधायक सुरेश गड़िया ने राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने का सवाल उठाया। वहीं डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में लक्ष्य से कम पंजीकरण होने का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य सर्वे और योजना के तय मानकों के कारण कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आती हैं।
भाजपा विधायक महेश जीना ने एपीएल और बीपीएल राशन कार्ड के मानकों को लेकर सवाल उठाया। इसके साथ ही खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तहत मिनी स्टेडियम और खेल मैदानों के निर्माण का मुद्दा भी सदन में उठा।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बजट में हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रावधान किया है।
सत्र के दौरान विपक्ष ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। यशपाल आर्या ने विधानसभा भवन के अन्य उपयोग को लेकर दिए गए बयान पर आपत्ति जताई और कहा कि गैरसैंण विधानसभा भवन राज्य आंदोलन और जनता की भावनाओं का प्रतीक है।
वहीं कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए खटीमा क्षेत्र में एक किसान की लगभग 125 एकड़ जमीन पर कब्जे का मामला उठाया। कांग्रेस विधायक रवि बहादुर ने थानों और पुलिस चौकियों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद ने कोटद्वार क्षेत्र से जुड़े मोहम्मद दीपक प्रकरण और स्कूल निर्माण का मुद्दा उठाया। वहीं हरीश धामी द्वारा विशेषाधिकार हनन का मामला भी सदन में चर्चा का विषय बना।
बजट सत्र के तीसरे दिन भी सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। विधायी कार्यों के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बजट पर सामान्य चर्चा का प्रस्ताव भी सदन में पेश करेंगे।
