Udayprabhat
uttrakhand

भवाली-रातिघाट बाईपास कार्यों का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, जल्द जाम मुक्त होगा कैंचीधाम मार्ग

नैनीताल: जनपद के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक क्षेत्र कैंची धाम में यातायात जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने दौरे के दौरान भवाली-रातिघाट बाईपास सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भवाली बाईपास, भवाली-रातिघाट बाईपास और कैंचीधाम मंदिर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने विशेष रूप से कैंचीधाम बाईपास (सेनेटोरियम-रातिघाट) मार्ग को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी पर्यटन सीजन से पहले इस मार्ग को चालू किया जाए, ताकि क्षेत्र में यातायात सुचारू हो सके।

उन्होंने कहा कि जब तक स्थायी मोटर पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक अस्थायी व्यवस्था के रूप में वैली ब्रिज स्थापित कर वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की जाए। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जून माह से पहले सभी निर्माण कार्यों को पूर्ण कर बाईपास मार्ग को चालू किया जाए। उन्होंने कहा कि कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। यातायात जाम की समस्या को समाप्त करने के लिए यह बाईपास मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पीएस बृजवाल ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि-

भवाली सेनेटोरियम से रातीघाट तक 18.15 किलोमीटर बाईपास में से 8 किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है. जिसमें यातायात सुचारू है. इस कार्य हेतु 12 करोड़ रुपये विभाग को प्राप्त हुए थे. शेष भाग 10.15 किलोमीटर मार्ग में पहाड़ कटिंग कार्य हेतु शासन से 5 करोड़ 6 लाख रूपये की धनराशि प्राप्त हुई है. पहाड़ कटिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है. उक्त मार्ग में वर्तमान में 9 करोड़ 81 लाख रुपये की धनराशि से कलमठ व सुरक्षा दीवारों का निर्माण एवं अन्य सुरक्षात्मक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं.

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने सेनेटोरियम से भवाली-अल्मोड़ा मार्ग तक बन रहे बाईपास और शिप्रा नदी पर निर्मित 30 मीटर स्पान डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस प्रोजेक्ट को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से न केवल कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, बल्कि पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए यह एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग भी साबित होगा।

Leave a Comment