देहरादून: अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (पंजी) उत्तराखंड ने मध्य प्रदेश के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में कड़ा रुख अपनाया है। महासभा के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी प्रमोद कुमार को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए संतोष वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया कि संतोष वर्मा ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। वहीं, आजक्स संगठन ने भी स्पष्ट किया कि संतोष वर्मा उनका अध्यक्ष नहीं है और उस पर कई मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं, जिनमें छह महीने की सजा भी शामिल है। महासभा ने SSP देहरादून से मामले का संज्ञान लेने और शीघ्र कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
