टी20 अंतरराष्ट्रीय कप का आगाज, 22 देशों के 300 से अधिक खिलाड़ी भारत पहुंचे
देहरादून: तीन दिवसीय टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रेसिडेंट कप क्रिकेट टूर्नामेंट की धूम उत्तराखंड में शुरू हो गई है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI), भारतीय ओलंपिक संघ और इंटरनेशनल क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत समेत 22 देशों के 300 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। देश–विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों ने देवभूमि की प्राकृतिक सुंदरता और खेलों के अनुकूल माहौल की खूब सराहना की।
30 नवम्बर को इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट का समापन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।
उद्घाटन समारोह देहरादून स्टेडियम में हुआ, जहां टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, एशियन क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा, उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डी.के. सिंह, टीएचडीसी के सीजीएम एम.के. सिंह और डॉ. ए.एन. त्रिपाठी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय खेलों का हब बनता जा रहा है। नेशनल गेम्स की सफलता के बाद अब राज्य में बड़े स्तर पर क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित होना गर्व की बात है। हाल ही में भारत सरकार के खेल सचिव ने विभिन्न स्टेडियमों का निरीक्षण कर कॉमनवेल्थ समेत अन्य बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजनों के लिए उत्तराखंड को उपयुक्त बताया है।
ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. डीके सिंह ने बताया कि इंडोनेशिया, किर्गिस्तान, फिलीपींस, अर्मेनिया, श्रीलंका, यूक्रेन, हंगरी, यूएई, कजाकिस्तान, ट्यूनेशिया सहित 22 देशों से पहुंचे क्रिकेटर टी20 की विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं।
श्रीलंका के क्रिकेटर सिहथ ने भी उत्तराखंड की खूबसूरती की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनका देश समुद्रों से घिरा है, लेकिन इतनी प्राकृतिक शांति और सुंदरता उन्होंने यहां पहली बार देखी है। वे उत्तराखंड के दीवाने हो गए हैं।
