Udayprabhat
uttrakhand

सीएम धामी ने किया ‘उत्तराखंड राज्य का नवीन राजनीतिक इतिहास’ का विमोचन, भाषाओं के संरक्षण पर दिया जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रतिष्ठित लेखक जय सिंह रावत की पुस्तक “उत्तराखंड राज्य का नवीन राजनीतिक इतिहास” का विमोचन किया। यह पुस्तक उत्तराखंड के राजनीतिक, प्रशासनिक और क्रमिक विकास की 25 वर्षों की यात्रा का प्रामाणिक और विस्तृत दस्तावेज प्रस्तुत करती है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य स्थापना के बाद की ढाई दशक की घटनाओं को तथ्यों, दस्तावेजों और विश्लेषण के साथ समग्र रूप में प्रस्तुत करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे लेखक ने अत्यंत सुसंगतता और ईमानदारी के साथ किया है। उन्होंने कहा कि पाँच भागों में विभाजित यह पुस्तक शोधार्थियों, विद्यार्थियों और प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य निर्माण के बाद के राजनीतिक अस्थिरता के दौर को रेखांकित करते हुए कहा कि श्री रावत ने दुर्लभ दस्तावेजों और अखबार की क्लिपिंग्स के माध्यम से इस कालखंड का सजीव और प्रामाणिक चित्रण किया है। उन्होंने कहा कि “इतिहास लिखना एक गंभीर दायित्व है, जिसमें तथ्य, दृष्टि और ईमानदारी का होना अनिवार्य है।”

तकनीक और भाषा के संबंध में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के युग में तकनीक का उपयोग आवश्यक है, लेकिन गढ़वाली, कुमाऊँनी, जौनसारी जैसी स्थानीय भाषाओं और बोलियों का संरक्षण हमारी सामूहिक ज़िम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मातृभाषा में कंटेंट निर्माण, लोक साहित्य और परंपराओं पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय भाषाओं के डिजिटलीकरण, लेखन, शोध और डिजिटल कंटेंट को बढ़ावा देने के लिए कई नई पहल कर रही है ताकि क्षेत्रीय भाषाओं का सांस्कृतिक खजाना सुरक्षित रहे और नई पीढ़ी सहजता से इन तक पहुँच सके।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि “AI चाहे कितना भी उन्नत क्यों न हो जाए, पुस्तकों का कोई विकल्प नहीं हो सकता। पुस्तकें केवल ज्ञान का स्रोत नहीं, बल्कि सोचने, समझने और सीखने की गहरी प्रक्रिया हैं।”

कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों से उन्होंने अपील की कि वे अपने घरों, विद्यालयों और समुदायों में स्थानीय भाषाओं के उपयोग को बढ़ावा दें और साहित्य व लोक संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास करें।

Leave a Comment