देहरादून: दिल्ली में कार में हुए विस्फोट की घटना के बाद उत्तराखंड पुलिस को सतर्क मोड में डाल दिया गया है। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के निर्देश पर दून पुलिस को हाई अलर्ट पर रखते हुए पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून स्वयं फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने देहरादून रेलवे स्टेशन पहुँचकर डॉग स्क्वाड और बीडीएस टीम द्वारा की जा रही जांच का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, मॉल और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के आदेश दिए हैं। सभी सीमाओं और आंतरिक मार्गों पर वाहनों व व्यक्तियों की गहन चेकिंग की जा रही है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद के अन्य राजपत्रित अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
