Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

उत्तराखंड की रजत जयंती सप्ताह, नई ऊर्जा और नए संकल्प का पर्व: डीएम सविन बंसल

देहरादून: उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 03 से 09 नवंबर तक पूरे प्रदेश में रजत जयंती सप्ताह बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर नारी शक्ति, सुशासन, युवा खेल, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।

जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा बैठक

जिलाधिकारी सविन बंसल ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर रजत जयंती सप्ताह की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों की तैयारी समयबद्ध हो और उनमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने बताया कि सप्ताह के दौरान हर दिन अलग थीम पर कार्यक्रम होंगे। “नारी शक्ति दिवस” पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पाद प्रदर्शनी, “सुशासन दिवस” पर जनसमस्याओं के समाधान हेतु शिविर, “यूथ डे” पर क्रॉस कंट्री दौड़, पैराग्लाइडिंग और एडवेंचर स्पोर्ट्स जैसे आयोजन होंगे। इसके अलावा बैंकिंग जागरूकता, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

संस्कृति और शहीदों को मिलेगा सम्मान

डीएम ने बताया कि सभी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा ताकि नई पीढ़ी प्रेरणा ले सके।

शिक्षण संस्थानों में ‘विजन 2050’ प्रतियोगिताएं

विद्यालयों और कॉलेजों में ‘विजन 2050’ विषय पर निबंध, पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे युवाओं में राज्य के उज्जवल भविष्य के लिए नई सोच और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।

जन-उत्सव के रूप में मनाया जाएगा रजत जयंती सप्ताह

जिलाधिकारी ने सभी विभागों से अपील की कि इस आयोजन को जन-उत्सव के रूप में सफल बनाया जाए। रजत जयंती सप्ताह राज्य की एकता, समृद्धि और प्रगतिशील सोच का प्रतीक बनेगा।

Leave a Comment