Udayprabhat
uttrakhand

उत्तरकाशी पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाई स्कूटी चोरी, आरोपी गिरफ्तार व वाहन बरामद

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्कूटी चोरी की घटना का मात्र 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार, गत दिवस एक व्यक्ति ने कोतवाली उत्तरकाशी में अपनी स्कूटी चोरी होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और त्वरित पतारसी-सुरागरसी करते हुए सटीक जानकारी जुटाई।

पुलिस टीम ने महज 12 घंटे के भीतर चोरी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी अशोक कुमार पुत्र अनिल कुमार निवासी बड़ेथी, कोतवाली धरासू, जनपद उत्तरकाशी को बगोरी, हर्षिल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद कर ली गई।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी चोरी की स्कूटी को बेचने की फिराक में था। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की है।

Leave a Comment