उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिहीन और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान आज से शुरू कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह महाअभियान आगामी 7 जुलाई तक लगातार संचालित किया जाएगा।
इस अभियान के तहत दूरस्थ एवं दुर्गम गांव जखोल सहित जनपद के अन्य क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और मतदाता सूची का विस्तृत सत्यापन कर रहे हैं।
बूथ लेवल अधिकारी प्रत्येक परिवार को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं तथा मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, आयु, पता आदि विवरणों का घर के सदस्यों के सामने ही मिलान एवं पुष्टि कर रहे हैं। इसके साथ ही भरे हुए गणना प्रपत्र मौके पर ही वापस भी लिए जा रहे हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुगम बन सके।
प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और सभी विवरण पूर्णतः सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज किए जा सकें।
