हरिद्वार: कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के शिवालिक नगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान विरोध और अभद्र व्यवहार करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर शांति भंग की कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत शिवालिक नगर स्थित एक दुकान के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान आकाश नामक युवक कार्रवाई का विरोध करते हुए उग्र हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
इस दौरान दुकान स्वामी ने पुलिस को बताया कि उक्त युवक ने एक दिन पूर्व भी पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया था। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आकाश को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश पुत्र गौतम सिंह (26 वर्ष), निवासी शिवालिक नगर, रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में बाधा डालने तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
