- लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला पंचायती राज संस्थाओं के लिए आयोजित परिचय कार्यक्रम में कल भाग लेने के लिए लिए देहरादून पहुंचेंगे.
- ओम बिरला “पंचायती राज व्यवस्था : ” विकेंद्रीकृत लोकतंत्र का सशक्तीकरण” कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचेंगे.
- कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत सदस्यों को संसद के कार्यकरण और लोकतांत्रिक सिद्धांतों एवं भावनाओं से परिचित कराना रहेगा.
देहरादून| लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला(Lok Sabha Speaker Om Birla) की पहल पर और पंचायत सदस्यों को संसद के कार्यकरण और लोकतांत्रिक सिद्धांतों एवं भावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से देश की पंचायती राज संस्थाओं के लिए कल, 8 जनवरी, 2021 को देहारादून, उत्तराखंड में एक परिचय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष समेत सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत(Trivendra Singh Rawat) और अन्य कई आला नेता मौजूद रहेंगे.
उत्तराखंड के 26 जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, 109 क्षेत्र पंचायत प्रमुख तथा 270 मनोनीत ग्राम प्रधानों सहित लगभग 405 पंचायत प्रतिनिधिगण इस कार्यक्रम कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होंगे. इसके अतिरिक्त, 376 जिला पंचायत सदस्य, 3201 क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं 7791 ग्राम प्रधान भी वेबलिंक के माध्यम से कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़ेंगे.
इस कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य व्यापक जागरुकता/व्यापक भागीदारी का सृजन करना, जमीनी स्तर के नेतृत्व में आत्मविश्वास की भावना विकसित करना, सृजित की गई परिसम्पत्तियों के स्वामित्व की भावना पैदा करना, जमीनी स्तर के राजनैतिक नेतृत्व को लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में जानकारी देना, विभिन्न योजनाओं और डोरस्टेप डिलीवरी के बारे में जागरुकता पैदा करना है. संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड), लोक सभा सचिवालय द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड सरकार के सहयोग से उत्तराखंड राज्य की पंचायती राज संस्थाओं के लिए किया जा रहा है.
