कछवां थाना के इब्राहिमपुर पुल के समीप मंगलवार को एक झोपड़ी में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। घायलों में देवराज चौधरी की तीन वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी व शामा चौधरी की 45 वर्षीय पत्नी राजू देवी शामिल हैं।
बिहार के रोहतास से दर्दनाक हादसे की खबर आई है। यहां चूल्हे की चिंगारी से एक घर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 8 लोग जिंदा जल गए। जिसमें 6 की मौत हो गई। दो की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल है।
मृतकों में भोजपुर जिला के जगदीशपुर थाना के बड़हरा टोला निवासी देवराज चौधरी की पत्नी 30 वर्षीय पुष्पा देवी उनके छह वर्षीय पुत्र बजरंगी कुमार, पुत्री चार वर्षीय काजल कुमारी व एक साल की बच्ची गुड़िया, तरारी थाना भोजपुर के रामनगर निवासी श्यामा चौधरी की छह वर्षीय पुत्री कांति कुमारी, वीशावदर थाना, जूनागढ़ गुजरात के लेभद्रा निवासी दीपक चौधरी की 25 वर्षीय पत्नी माया देवी शामिल है।
घटना खाना बनाने के बाद चूल्हे की चिंगारी से घटी। बताया गया कि सभी लोग गेहूं कटनी के बाद दोपहर में आकर खाना बनाने के बाद सो गए थे।इसी बीच आग ने झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। स्टील चादर की दीवार होने के कारण वह आग से तप गई और किसी को भी निकलने का मौका नहीं मिल पाया।
