Udayprabhat
uttrakhandदेहरादूनहेल्थ

देहरादून: डीएम ने कोरोनेशन अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, मोबाइल देख अभिभावकों को दी नसीहत

देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल के हर वार्ड और अनुभाग का बारीकी से जायजा लेने के साथ ही मरीजों और तीमारदारों से सीधी बातचीत की. बाल चिकित्सा वार्ड में बच्चे के हाथ में मोबाइल देखकर अभिभावकों से ऐसा नहीं करने का आग्रह किया.

ब्लड बैंक निर्माण में तेजी के निर्देश

डीएम ने निर्माणाधीन ब्लड बैंक का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को 15 दिन के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। सेंट्रल पैथोलॉजी की समयावधि को बढ़ाते हुए 11 बजे के स्थान पर 12 बजे तक संचालित करने के आदेश भी मौके पर ही जारी किए गए।

पीपीपी मोड पर संचालित चंदन लैब में 24 घंटे सेवा नहीं मिलने की शिकायत पर डीएम ने पिछले तीन माह की दिन-रात की सैंपल रिपोर्ट तलब की। अनुबंध के अनुरूप कार्य न होने पर लैब का आधा भुगतान रोकने के निर्देश दिए गए।

रेफर मामलों पर मांगी संयुक्त रिपोर्ट

अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी के चलते मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की शिकायत पर उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य और सीएमओ से संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। वहीं अस्पताल की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई।

बाल वार्ड में मोबाइल पर दी सीख

निरीक्षण के दौरान बाल चिकित्सा वार्ड में एक बच्चा मोबाइल फोन पर खेलता मिला। इस पर डीएम ने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल देने से बचने और उनकी रुचि के लिए पुस्तकें व ड्राइंग सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया। अस्पताल प्रशासन को वार्ड में लाइब्रेरी की पुस्तकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने साफ शब्दों में कहा कि अस्पताल में सफाई और भोजन की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment