राजधानी देहरादून के मुख्य चौराहों पर बनाए गए स्पीड ब्रेकर इन दिनों चर्चाओं में है. तीन दिन पहले ही रातों रात देहरादून के घंटाघर पर बनाए गया स्पीड ब्रेकर की वजह से कई दुर्घटनाएं हो चुकी है। दुर्घटनाओं के कई वीडियो भी सामने आए है. इन घटनाओं के बाद संबंधित विभाग पर भी सवाल खड़े होने लगे . सचिव स्तर के अधिकारियों ने भी इस मामले का संज्ञान लेकर कार्यवाही की है।
स्मार्ट सिटी द्वारा बनाए गए समस्त स्पीड ब्रेकरों को कल देर रात उखाड़ दिया गया है। वहीं जिलाधिकारी देहरादून सवीन बंसल ने स्मार्ट सिटी के EE अधिशासी अभियंता को लापरवाही के लिए कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि स्मार्ट सिटी के अभियंता के तरफ से यह सभी चूक हुई है।
दरअसल, उत्तराखंड में करीब एक महीने पहले 11 नवंबर रात को रफ्तार का कहर देखने को मिला था. रफ्तार के कारण देहरादून ओएनजीसी चौक पर इनोवा कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. इस हादसे में 6 छात्रों की मौत हो गई थी. इस हादसे के बाद जिला प्रशासन और पुलिस एक्टिव हुई और शहर में तमाम प्रमुख चौराहों पर गाड़ियों की रफ्तार को कंट्रोल करने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाने का निर्णय लिया था.
