Udayprabhat
uttrakhand

लक्सर में अवैध खनन पर प्रशासन का सख्त प्रहार, 8 भंडारण केंद्र सील, ई-खनन पोर्टल भी निलंबित

लक्सर: हरिद्वार की लक्सर तहसील के अंतर्गत ग्राम रामपुर रायघटी क्षेत्र में अवैध खनन और खनिज भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी कार्यवाही की है।

जिला खनन अधिकारी काजिम रजा ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया। यह कार्रवाई क्षेत्र से प्राप्त मौखिक शिकायतों के आधार पर की गई, जिसमें अवैध खनन और अनियमित भंडारण की आशंका जताई गई थी।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि ग्राम रामपुर रायघटी क्षेत्र में संचालित रिटेल भंडारण केंद्रों में कई प्रकार की अनियमितताएं मौजूद थीं। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कड़ा कदम उठाते हुए कुल 8 भंडारण केंद्रों को सील कर दिया।

इसके साथ ही संबंधित इकाइयों से जुड़े ई-खनन पोर्टल को भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा सके और किसी भी प्रकार की तकनीकी छेड़छाड़ या अवैध गतिविधि को रोका जा सके।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद हरिद्वार में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और आवश्यकतानुसार अन्य इकाइयों की भी जांच की जा सकती है।

Leave a Comment