पिरान कलियर: पिरान कलियर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दरगाह परिसर से अपहृत 7 माह के मासूम अली रजा को चार दिन के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने लक्सर रेलवे स्टेशन के पास से एक विकलांग महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 7 जून को कलसूम खातून निवासी बिहार (हाल निवासी कलियर दरगाह परिसर) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नमाज के दौरान अज्ञात व्यक्ति उनके 7 माह के नाती अली रजा को दरगाह परिसर से ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर तत्काल टीम गठित की गई।
एसपी देहात व सीओ भगवानपुर के पर्यवेक्षण तथा सीओ दिव्येश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दरगाह परिसर, कलियर-रुड़की मार्ग, बस अड्डा और रेलवे स्टेशन क्षेत्र के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक व्यक्ति बच्चे को गोद में ले जाते हुए दिखाई दिया, वहीं विकलांग महिला की वैशाखियां और बच्चे की पहचान (दोनों हाथों में छह-छह उंगलियां) पुलिस के लिए अहम सुराग बने।
11 जून को पुलिस ने लक्सर रेलवे स्टेशन के पास से एक विकलांग महिला को बच्चे के साथ भीख मांगते हुए पकड़ लिया। उसके कब्जे से मासूम अली रजा को सुरक्षित बरामद किया गया। मौके से सह-अभियुक्त समीर उर्फ सोनू निवासी लंढौरा को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने बच्चे का अपहरण कर उसे भीख मांगने में उपयोग करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मासूम के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
