देहरादून: सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने 134 फरियादियों की शिकायतों को सुना। अपर जिलाधिकारी ने मौके पर ही कई मामलों का ऑन द स्पॉट निस्तारण किया। साथ ही कुछ प्रकरणों को इससे जुड़े विभागों को अग्रसारित करते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ऋषिकेश निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग विधवा महिला चम्पागिरी ने अपनी ही बेटी के पुत्र पर उनकी संपत्ति कब्जाने की नीयत से उन्हें जान से मारने की धमकी देने और हर रोज मारपीट करने की शिकायत की। जिस पर अपर जिलाधिकारी ने एसपी ग्रामीण को तत्काल मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। सुगोवाला निवासी बुजुर्ग महिला कृष्णा देवी ने बड़े बेटे पर उत्पीड़न करने, देखभाल न करने और छोटे भाई की मृत्यु के बाद उसके हिस्से की जमीन कब्जाने के लिए मारपीट की शिकायत पर विकासनगर एसडीएम को भरण पोषण एक्ट के तहत वाद दर्ज करते हुए मामले का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बल्लुपुर निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने दामाद द्वारा उनके मकान पर कब्जा करने की शिकायत पर एसपी सिटी को मामले का निस्तारण करने के निर्देश दिए। मोथरोवाला निवासी पूजा और नत्थनपुर निवासी कुसुम देवी ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इसके अलावा अजबपुरखुर्द निवासियों ने सीवर लाइन कार्य, पुलिया का नव निर्माण, सड़क एवं नालियों के निर्माण कार्य पूरा न होने की शिकायत पर शहरी विकास विकास विभाग को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
