विराट कोहली के साथ वीडियो बनाना चाहते हैं MrBeast, दूसरी बार दिया कोलैबोरेशन का न्योता
नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े यूट्यूबर MrBeast एक बार फिर भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली के साथ काम करने की इच्छा जता चुके हैं। 45 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर वाले MrBeast ने खुले मंच से विराट कोहली को वीडियो कोलैबोरेशन का न्योता दिया है। खास बात यह है कि यह दूसरी बार है जब उन्होंने कोहली को सीधे तौर पर अप्रोच किया है।
जेम्स स्टीफन डोनाल्डसन, जिन्हें पूरी दुनिया MrBeast के नाम से जानती है, ने कहा कि भारत उनके सबसे बड़े ऑडियंस बेस में से एक है और वह जल्द ही दोबारा भारत आना चाहते हैं। NDTV को दिए इंटरव्यू में MrBeast ने विराट कोहली को संदेश देते हुए कहा कि वह उनके साथ शूट करना चाहते हैं।
MrBeast अपने अनोखे चैलेंज और मेगा बजट वीडियो के लिए मशहूर हैं, जिनमें इससे पहले क्रिस्टियानो रोनाल्डो, नेमार जूनियर, नोआ लाइल्स और कार्लोस अल्काराज जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल सितारे नजर आ चुके हैं। ऐसे में विराट कोहली के साथ संभावित कोलैबोरेशन को लेकर सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब MrBeast ने कोहली को न्योता दिया हो। अप्रैल 2025 में भी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विराट को टैग करते हुए कोलैबरेशन की इच्छा जताई थी, जो उस समय खूब वायरल हुआ था।
वहीं दूसरी ओर विराट कोहली क्रिकेट के मैदान पर भी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम में वापसी करने जा रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या क्रिकेट और डिजिटल दुनिया के ये दो दिग्गज एक साथ किसी वीडियो में नजर आते हैं या नहीं।
