Udayprabhat
Breaking Newsखेलदेश

अंडर-19 वनडे मुकाबले में वैभव ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए ऋषभ पंत का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए दूसरे अंडर-19 वनडे मुकाबले में वैभव ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए ऋषभ पंत का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

नई दिल्ली। अंडर-19 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने तूफानी अंदाज से क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया है। मात्र 14 वर्ष की उम्र में वैभव ने भारत-दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 वनडे मुकाबले में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया, जो पिछले एक दशक से अटूट था। उन्होंने यूथ वनडे में सबसे तेज अर्धशतक जड़कर ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

दक्षिण अफ्रीका के बेनोनी स्थित विलोमूर पार्क में खेले गए तीन मैचों की अंडर-19 वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने केवल 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम था, जिन्होंने 2016 अंडर-19 विश्व कप में नेपाल के खिलाफ 18 गेंदों में फिफ्टी जमाई थी। सीरीज में भारत अंडर-19 की कप्तानी कर रहे वैभव ने 24 गेंदों में 68 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और एक चौका शामिल रहा।

गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी पहले ही अंडर-19 क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने पिछले वर्ष इंग्लैंड के खिलाफ वॉर्सेस्टर में मात्र 52 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रचा था।

मैच की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.3 ओवर में 245 रन बनाए। जेसन रोल्स ने 113 गेंदों में 114 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं निभा सके। भारत की ओर से किशन सिंह ने चार विकेट झटके, जबकि आरएस अंबरीश को दो सफलताएं मिलीं।

बारिश के कारण DLS पद्धति से भारत को 27 ओवर में 174 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे सूर्यवंशी की आक्रामक शुरुआत के दम पर टीम इंडिया ने महज 23.3 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

15 जनवरी से जिम्बाब्वे और नामीबिया में शुरू होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप से पहले वैभव सूर्यवंशी का यह फॉर्म भारतीय टीम के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है।

Leave a Comment