Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

अंकिता भंडारी हत्याकांड: सीएम धामी की प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म, बोले- सरकार हर जांच के लिए तैयार है, न्याय से कोई समझौता नहीं 

किसी भी दोषी को नहीं बख्शा जाएगा
➡️ वायरल ऑडियो की जांच को SIT गठित
➡️ अंकिता के माता-पिता से करेंगे सीधी बात
सरकार हर जांच के लिए तैयार है, न्याय से कोई समझौता नहीं।

देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों गरमाए सियासी माहौल के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय मीडिया सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस कर अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सरकार का पक्ष स्पष्ट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता की हत्या एक संवेदनशील और हृदयविदारक घटना है और सरकार किसी भी दोषी को बख्शने वाली नहीं है।
सीएम धामी ने कहा कि वह स्वयं अंकिता के माता-पिता से बात करेंगे और परिजन जो चाहेंगे, सरकार उस पर निर्णय लेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार हर प्रकार की जांच के लिए पूरी तरह तैयार है। हाल ही में सामने आए वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में राज्य सरकार ने मजबूती से पैरवी की, जिसके चलते तीनों आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। वायरल ऑडियो और वीडियो से सबसे ज्यादा प्रभावित अंकिता के परिजन हुए हैं, इसलिए सरकार संवेदनशीलता के साथ इस पूरे मामले को देख रही है।

 तीन साल बाद फिर उबाल पर अंकिता मामला

तीन साल पहले हुए चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर उबाल आ गया है। वीआईपी नाम सामने आने की चर्चाओं के बाद प्रदेशभर में लोग सड़कों पर उतर आए हैं। विपक्षी दलों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों ने सीबीआई जांच की मांग तेज कर दी है।
अभिनेत्री उर्मिला सनावर द्वारा सोशल मीडिया पर जारी किए जा रहे सिलसिलेवार वीडियो ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। उर्मिला अपने वीडियो में हत्याकांड से जुड़े कई खुलासों और वीआईपी नामों का दावा कर रही हैं, जिससे भाजपा के भीतर असहजता देखी जा रही है।

वायरल वीडियो से भाजपा में बढ़ी बेचैनी

सोशल मीडिया पर रोज़ाना लाइव आकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर लगाए जा रहे आरोप, कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग और तस्वीरों ने भाजपा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेशभर में इन वीडियो पर लोग अपनी तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस पूरे प्रकरण के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया, वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही।

दुष्यंत गौतम की तहरीर, FIR दर्ज

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की ओर से डालनवाला थाने में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने जानबूझकर सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो जारी कर उनकी छवि धूमिल करने और प्रदेश में अशांति फैलाने की साजिश रची।
तहरीर में कांग्रेस, यूकेडी और आम आदमी पार्टी को भी इस साजिश का सूत्रधार बताया गया है और त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

 

Leave a Comment