Udayprabhat
uttrakhand

महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, हल्द्वानी की यूट्यूबर ज्योति अधिकारी गिरफ्तार कर भेजा जेल

धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में मुखानी थाना पुलिस की कार्रवाई, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

हल्द्वानी: सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मुखानी थाना पुलिस ने एक महिला यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है। आरोपी यूट्यूबर ज्योति अधिकारी को अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, स्थानीय निवासी जूही चुफाल की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ वीडियो में यूट्यूबर द्वारा पर्वतीय महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, साथ ही उत्तराखंड की संस्कृति और देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई।

तहरीर में बताया गया कि उक्त वीडियो सार्वजनिक रूप से प्रसारित हुए, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची और धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपी को नोटिस जारी कर पूछताछ की।

पूछताछ के बाद पुलिस ने यूट्यूबर ज्योति अधिकारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच जारी है और सोशल मीडिया सामग्री की तकनीकी जांच भी की जा रही है।

एसओ मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि पर्वतीय महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी और कथित धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में हल्द्वानी की यूट्यूबर ज्योति के खिलाफ एक युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था. पूछताछ के बाद यूट्यूबर ज्योति अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने बताया कि ज्योति अधिकारी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है. पुलिस ने ज्योति अधिकारी पर धारा 27/192/196/299/302/B NS के तहत मुकदमा दर्ज किया है.

Leave a Comment