Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में आधी रात में चला बुलडोजर, सरकारी भूमि से हटाई गई अवैध मजार

देहरादून: राज्य सरकार के निर्देशों में देहरादून प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार देर रात शहर के घंटाघर क्षेत्र स्थित एचएनबी कॉम्प्लेक्स में बनी एक अवैध मजार को बुलडोजर चलाकर हटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशासन की संयुक्त टीम में नगर प्रशासन, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) और नगर निगम के अधिकारी शामिल रहे। नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम हरिगिरि तथा पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार मौके पर मौजूद थे। अवैध संरचना को पूरी तरह ध्वस्त कर उसका मलबा और टीन शेड हटाया गया।

नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर पहले स्थल का सर्वे कराया गया था। भूमि और निर्माण से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए एमडीडीए द्वारा नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई के दौरान स्थल से किसी प्रकार के अवशेष प्राप्त नहीं हुए।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में प्रशासनिक बैठक के दौरान सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर बने दो दर्जन से अधिक अवैध ढांचों की पहचान की गई है। राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक लगभग 11 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है। साथ ही प्रदेश भर में सरकारी भूमि पर बने 573 अवैध ढांचों को हटाया जा चुका है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment