देहरादून: धर्मनगरी लाखामंडल में सनातन सेवा समिति की ओर से एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महामण्डलेश्वर रुपेंद्र प्रकाश महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की।
उन्होंने अपने संबोधन में सनातन संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकता के संरक्षण पर बल दिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने कहा कि हिंदू संस्कृति की सबसे बड़ी ताकत संयुक्त परिवार व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक एकता और परंपराओं का संरक्षण समाज को सशक्त बनाता है और आने वाली पीढ़ियों को संस्कार प्रदान करता है। कार्यक्रम में जौनसार-बावर क्षेत्र के प्रसिद्ध लोक कलाकार अज्जू तोमर, अत्तर शाह और रेशमा शाह ने अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे सम्मेलन की भव्यता और बढ़ गई।
सम्मेलन के दौरान उन परिवारों को सम्मानित किया गया, जो पीढ़ियों से संयुक्त परिवार की परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। इसके साथ ही समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कारीगरों जैसे नाई, दर्जी, लोहार, वाद्य यंत्र वादक और काष्ठ कला विशेषज्ञों को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सांस्कृतिक चेतना मजबूत होती है और परंपराओं के प्रति सम्मान बढ़ता है।
