Udayprabhat
uttrakhandएजुकेशन

Uttarakhand: शिक्षकों की कमी से जूझ रहा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, छात्राओं ने किया प्रदर्शन

अल्मोड़ा: राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (GGIC) में लंबे समय से शिक्षकों की कमी के चलते पढ़ाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। विद्यालय में अंग्रेजी विषय के शिक्षक की अनुपलब्धता से नाराज छात्राओं और अभिभावकों का आक्रोश गुरुवार को सड़कों पर फूट पड़ा। अभिभावक संघ के नेतृत्व में छात्राओं ने सोमेश्वर चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक (अंग्रेजी) को नवंबर माह में गुजराड़ा, देहरादून अटैच कर दिया गया था। इसके बाद से विद्यालय में अंग्रेजी विषय की पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई है। इस स्थिति से विद्यालय में अध्ययनरत करीब 188 छात्राएं सीधे तौर पर प्रभावित हो रही हैं, जिनका शैक्षणिक भविष्य अधर में लटक गया है।

अभिभावकों का कहना है कि बोर्ड कक्षाओं के लिए अंग्रेजी विषय अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन शिक्षक के अभाव में छात्राएं केवल स्वाध्याय के सहारे पढ़ने को मजबूर हैं। इससे न केवल परीक्षा परिणाम प्रभावित होने की आशंका है, बल्कि छात्राओं के आत्मविश्वास पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।

अभिभावक संघ ने आरोप लगाया कि शिक्षकों की लगातार कमी के कारण विद्यालय की छात्र संख्या में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। कई अभिभावक मजबूरी में अपनी बेटियों का दाखिला अन्य विद्यालयों में कराने पर विचार कर रहे हैं, जो सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

अभिभावक संघ की अध्यक्ष रेखा बोरा ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा विभाग ने शीघ्र अंग्रेजी शिक्षक की तैनाती सहित अन्य रिक्त पदों को नहीं भरा, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला केवल एक विद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि पहाड़ी क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को उजागर करता है।

Leave a Comment