उत्तरकाशी: जनपद उत्तरकाशी के तहसील भटवाड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिल्ला में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव में स्थित एक गौशाला में अचानक भीषण आग लगने से उसमें बंधे छह पालतू मवेशियों की जलकर मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में शोक का माहौल व्याप्त है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्व उप निरीक्षक भेलाटिपरी ने बताया कि शुक्रवार प्रातः लगभग 8:40 बजे ग्राम सिल्ला में शैलेन्द्र पुत्र मंगल सिंह की छानी (गौशाला) में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि गौशाला में बंधे पशुओं को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। इस हादसे में एक भैंस, तीन बैल, एक गाय तथा एक गाय के बछड़े की जलकर मौके पर ही मौत हो गई।
अग्निकांड में एक गौशाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही राजस्व उप निरीक्षक एवं पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से प्रभावित पशुपालक को नियमानुसार सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
