Udayprabhat
uttrakhandक्राइम

ऋषिकेश गोली हत्याकांड का खुलासा! प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद बना मौत की वजह, आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश: ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में किराए पर रह रही महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। हत्या के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुरेश गुप्ता को आखिरकार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के छुटमलपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर रखा था। इसके बावजूद तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। लगातार दबिश के बाद पुलिस टीम ने उसे सहारनपुर से धर दबोचा।

शनिवार रात हुई थी सनसनीखेज वारदात

यह घटना शनिवार, 31 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र के शिवाजी नगर गली नंबर-11 में हुई थी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने हमलावर को भागते हुए देखा। कमरे के अंदर महिला खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ी मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। महिला के पिता बच्चन सिंह रावत की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सुरेश गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

प्रेम संबंध से शुरू हुआ विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान वह रोजगार की तलाश में ऋषिकेश आई थी, जहां उसकी मुलाकात सुरेश गुप्ता से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गया।

तलाक और शादी की तैयारी

सुरेश गुप्ता पहले से विवाहित था। जब उसके परिवार को महिला के साथ उसके संबंधों की जानकारी हुई तो घर में विवाद बढ़ने लगे। हालात इतने बिगड़े कि करीब चार महीने पहले सुरेश गुप्ता ने अपनी पत्नी से आपसी सहमति से तलाक ले लिया, ताकि वह महिला से विवाह कर सके।

संपत्ति बिक्री के बाद बढ़ा तनाव

शादी से पहले ऋषिकेश में संपत्ति खरीदने को लेकर दोनों के बीच बातचीत चल रही थी। इसके लिए सुरेश गुप्ता ने अपनी लक्सर स्थित पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी। लेकिन इस रकम में मनचाही संपत्ति नहीं मिल पाने से दोनों के बीच तनाव बढ़ता चला गया। पुलिस का कहना है कि इसी मानसिक दबाव और आपसी विवाद के चलते आरोपी ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी।

रिमांड पर लेकर होगी गहन पूछताछ

फिलहाल पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी, घटना की पूरी साजिश और अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। पुलिस का दावा है कि अब जल्द ही मामले से जुड़े सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।

Leave a Comment