Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड में श्रमिकों के कौशल विकास को नई दिशा, सीएम धामी ने TMS पोर्टल का किया शुभारंभ

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW), श्रम विभाग द्वारा विकसित श्रमिक प्रशिक्षण प्रबंधन प्रणाली (Training Management System – TMS) का शुभारंभ किया। यह पोर्टल पंजीकृत श्रमिकों और उनके आश्रित परिवारजनों के कौशल विकास को पारदर्शी, प्रभावी एवं तकनीक-आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि TMS पोर्टल के माध्यम से श्रमिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को पूर्णतः ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया है, जिससे योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के बाद श्रमिकों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी आवश्यकताओं पर भी गंभीरता से कार्य किया जाए तथा उद्यमियों से नियमित फीडबैक लेकर प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ा जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्रीय जरूरतों के अनुसार प्लंबर, कारपेंटर, इलेक्ट्रिशियन जैसे तकनीकी व्यवसायों में प्रशिक्षण को प्राथमिकता देने पर बल दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षणोपरांत फॉरवर्ड लिंकेज मजबूत करने और डीबीटी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की।

श्रम सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी ने बताया कि विभाग योजनाओं को अधिक पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। श्रमायुक्त पी.सी. दुम्का ने पोर्टल की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण प्रदाताओं, प्रशिक्षकों और मूल्यांकनकर्ताओं का चयन पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

Leave a Comment