Udayprabhat
accidentBreaking Newsuttrakhandदेश

उत्तराखंड-नेपाल सीमा पर दर्दनाक सड़क हादसा, बारातियों से भरी बस खाई में समाई, 13 की मौत, 34 घायल

पिथौरागढ़/नेपाल: भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह बस बैतड़ी जिले के पुरचूंणी नगरपालिका क्षेत्र के भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। जैसे ही बस पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ पर पहुंची, चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाया। घायलों का इलाज डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है।

नेपाल पुलिस के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि हादसे में 6 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा 5 घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में और 2 ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बस चालक विरेंद्र बुढा, निवासी भीमदत्त नगरपालिका-7 (कंचनपुर), को मामूली चोटें आई हैं और उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

प्राथमिक जांच में हादसे का कारण बस का ओवरलोड होना बताया जा रहा है। आशंका है कि ज्यादा वजन के कारण बस चढ़ाई पर संतुलन नहीं बना पाई और हादसे का शिकार हो गई।

Leave a Comment